धनबाद – सदर अस्पताल में गर्भाशय और पथरी का सफल ऑपरेशन

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। सदर अस्पताल में चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आज दो गंभीर मरीजों का सफल ऑपरेशन किया गया। इनमें एक मरीज का संपूर्ण गर्भाशय निष्कासन (हिस्टेरेक्टॉमी) और दूसरे मरीज की पित्त की थैली से पथरी निकालने का ऑपरेशन शामिल है।

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि धनबाद निवासी 35 वर्षीय मना मांझी लंबे समय से पित्त की थैली में पथरी और संक्रमण के कारण असहनीय पेट दर्द से जूझ रही थीं। आर्थिक तंगी और आयुष्मान कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें निजी अस्पतालों में इलाज के लिए करीब 50 हजार रुपये खर्च करने की सलाह दी गई थी। अंततः सदर अस्पताल के सर्जन डॉ. जितेन्द्र कुमार चौधरी और उनकी टीम ने उनका सफल ऑपरेशन निःशुल्क किया।

इस ऑपरेशन में निश्चेतक डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. प्रभात कुमार, ओटी असिस्टेंट मधुसूदन मरांडी और रंजना कुमारी की अहम भूमिका रही।

वहीं दूसरी मरीज टुंडी निवासी 35 वर्षीय मरियम देवी अत्यधिक मासिक रक्तस्राव और पेट दर्द से काफी समय से परेशान थीं। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उन्हें कई अस्पतालों में भटकना पड़ा, लेकिन अंततः सदर अस्पताल में उन्हें राहत मिली। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजना कुमारी ने उनका द्विपक्षीय सैल्पिंगो-ऊफोरेक्टॉमी के साथ संपूर्ण गर्भाशय निष्कासन का सफल ऑपरेशन किया।

इस सर्जरी में निश्चेतक डॉ. राजकुमार सिंह, ओटी असिस्टेंट मधुसूदन मरांडी, रंजना कुमारी, आरती कुमारी और प्रकाश गोप की टीम मौजूद रही।

दोनों सफल ऑपरेशनों के बाद मरीजों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इस उपलब्धि से सदर अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं पर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....