धनबाद। पूर्व मध्य रेल, धनबाद मंडल द्वारा रेल संरचना एवं उच्च गति परिचालन क्षमता का मूल्यांकन करने हेतु 04 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2025 तक ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड के गया–सरमाटांड़ स्टेशन के मध्य 93 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर कवच युक्त ट्रेन का उच्च गति परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
इस परीक्षण के दौरान ट्रेन ने 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से संचालन किया। परीक्षण के लिए विभिन्न प्रकार के रोलिंग स्टॉक — जैसे वंदे भारत एक्सप्रेस रेक तथा WAP-5 इंजन के साथ 10 एलएचबी कोच — का उपयोग किया गया। इसका उद्देश्य ट्रैक, सिग्नलिंग एवं सुरक्षा प्रणाली (कवच) की उच्च गति संचालन के लिए तत्परता का मूल्यांकन करना था।
“कवच” भारतीय रेल द्वारा स्वदेश में विकसित एक अत्याधुनिक स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली (Automatic Train Protection System – ATP) है। इसका उद्देश्य ट्रेन संचालन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करना, संभावित टक्करों को रोकना, तथा सिग्नल ओवरशूट जैसी स्थितियों में स्वचालित नियंत्रण प्रदान करना है।
पूर्व मध्य रेल, धनबाद मंडल द्वारा किए गए ये सफल परीक्षण भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, सुरक्षा एवं गति वृद्धि के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माने जा रहे हैं। यह परीक्षण देश में सुरक्षित और तेज गति वाली ट्रेनों के संचालन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।