डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर रह रहीं भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने इस बार दिवाली का त्यौहार अंतरिक्ष में मनाया। उन्होंने व्हाइट हाउस में आयोजित दिवाली कार्यक्रम के दौरान एक वीडियो संदेश के माध्यम से अमेरिका और दुनियाभर के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आईएसएस से सभी को शुभकामनाएं। मैं व्हाइट हाउस और पूरी दुनिया में दिवाली मना रहे सभी लोगों को दिल से बधाई देना चाहती हूं। इस साल मुझे आईएसएस पर पृथ्वी से 260 मील ऊपर दिवाली मनाने का अद्भुत अवसर मिला है।
परिवार की सीख और सांस्कृतिक जड़ों को किया याद
अपने संदेश में विलियम्स ने भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं और अपने पिता से मिली सीख को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें भारतीय त्योहारों के बारे में सिखाया और अपनी जड़ों से जोड़े रखा। उन्होंने दिवाली को अच्छाई के प्रतीक के रूप में परिभाषित करते हुए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का धन्यवाद भी किया, जो इस पर्व को पूरे समुदाय के साथ मनाने में सहायक बने।
अंतरिक्ष में पांच महीने से फंसी हैं सुनीता विलियम्स
सुनीता विलियम्स अपने साथी अंतरिक्ष यात्री बुच विलमोर के साथ जून से ही आईएसएस पर हैं। दोनों ने पांच जून को बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से उड़ान भरी और छह जून को आईएसएस पहुंचे। हालाँकि, तकनीकी समस्याओं के चलते स्टारलाइनर को बिना चालक दल के ही पृथ्वी पर वापस लाया गया। नासा ने अगस्त में घोषणा की थी कि विलियम्स और विलमोर को वापस लाना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए वे अगले साल फरवरी तक आईएसएस पर ही रहेंगे।
बोइंग का अंतरिक्ष यान स्टारलाइनर सफलतापूर्वक लौटा
बोइंग का स्टारलाइनर यान, जिसमें तकनीकी गड़बड़ी के कारण सुनीता और विलमोर को छोड़ा नहीं जा सका था, छह सितंबर को पृथ्वी पर सफलतापूर्वक लौट आया।
पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।