पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव, अमेरिका-इजरायल का ईरान पर हमला

Neelam
By Neelam
4 Min Read

इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है। इजरायल और अमेरिकी आर्मी ने ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में मिसाइलें दागी हैं। ईरान में राष्ट्रपति भवन को निशाना बनाया गया। ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के ऑफिस के पास भी धमाका हुआ है। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने विस्फोट की पुष्टि की है। साथ ही इजरायल और अमेरिका को कड़ा जवाब देने का ऐलान किया है।

तेहरान समेत कई शहरों में धमाके

रिपोर्ट्स के मुताबिक तेहरान, इस्फहान, क़ोम और खोर्रमाबाद समेत कई शहरों पर मिसाइल और एयरस्ट्राइक की गई। तेहरान में यूनिवर्सिटी स्ट्रीट इलाका, सुप्रीम कोर्ट और न्याय मंत्रालय के पास धमाके की खबर है। हमलों में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के घर को निशाना बनाकर तबाह कर दिया गया। हालांकि खबर ये है कि खामेनेई को पहले ही सुरक्षित बंकर में पहुंचा दिया गया था।

ट्रंप की ईरान को धमकी

ईरान पर हमलों के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने ईरान के अंदर बड़ा ऑपरेशन शुरू किया है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान को परमाणु बम बनाने की इजाजत नहीं दी जा सकती है और उसके मिसाइल जखीरे को भी खत्म किया जाएगा। इसके लिए हमने सैन्य ऑपरेशन शुरू किया है। ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई को धमकी देते हुए कह कि उनकी फोर्स हथियार डाले नहीं तो हमले तेज किए जाएंगे।

अलर्ट पर दोनों देश

इरायल के ईरान पर हमले के बाद दोनों देश अलर्ट पर है। दोनों देशों ने अपने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा है। दोनों देशों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और लगातार कई शहरों में सायरन बज रहे हैं। इस बात की संभावना जताई जा रही है कि ईरान भी जल्द ही इज़रायल के हमले का जवाब दे सकता है। इज़रायल और ईरान दोनों ने ही अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। तेल अवीव एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही इराक ने भी अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। बताया जा रहा है कि इराक के एयरस्पेस के ज़रिए ही इज़रायल ने ईरान पर हमला किया है।

इजराइल ने जारी किया गाइललाइन

इजराइल डिफेंस फोर्सेस (आईडीएफ) ने एक ताजा एक्स पोस्ट में बताया है कि देश में ज़रूरी सेवाओं को छोड़कर सभी तरह की गतिविधियों पर रोक रहेगी। बयान में कहा गया है कि हालात का अंदाजा लगाने के बाद, यह तय किया गया कि आज (शनिवार) सुबह आठ बजे से होम फ्रंट कमांड गाइडलाइंस में तुरंत बदलाव किए जाएंगे। इन बदलावों के तहत, देश के सभी इलाकों में केवल ज़रूरी सेवाएं जारी रखने का फ़ैसला लिया गया है। इन गाइडलाइंस में ज़रूरी सेक्टर को छोड़कर, पढ़ाई-लिखाई, लोगों के इकट्ठा होने और काम की जगहों पर रोक लगाना शामिल है। इसमें बताया गया है, आम लोगों को ऑफिशियल होम फ्रंट कमांड चैनल पर जारी गाइडलाइंस को मानना ​​होगा। पूरी गाइडलाइंस नेशनल इमरजेंसी पोर्टल और होम फ्रंट कमांड ऐप पर अपडेट की जाएंगी।

Share This Article