जयपुर: सिविल लाइंस क्षेत्र के सुशीलपुरा में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्या को लेकर विधायक गोपाल शर्मा लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। गुरुवार को तीसरे दिन भी उन्होंने क्षेत्र का दौरा कर मौके पर चल रहे सुधार कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।
राहत की बात यह रही कि गुरुवार सुबह की जलापूर्ति में अधिकांश घरों में साफ पानी पहुंचा, जिससे स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल देखा गया। दौरे के दौरान विधायक ने कई घरों में जाकर नागरिकों से सीधे बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि समस्या का स्थायी समाधान जल्द सुनिश्चित किया जाएगा।
विधायक ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों के दौरान जनहित को प्राथमिकता दी जाए और आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और कार्यों की गुणवत्ता के साथ विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
सड़क निर्माण के दौरान बिगड़ी व्यवस्था, मेडिकल टीमों की तैनाती
जानकारी के अनुसार, सुशीलपुरा में सड़क निर्माण के दौरान तकनीकी कारणों से सीवर और पेयजल कनेक्शन प्रभावित हो गए थे, जिससे कई घरों में दूषित पानी की आपूर्ति होने लगी। शिकायतें मिलने पर विधायक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मंगलवार को क्षेत्र का दौरा किया था और नगर निगम व पीएचईडी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों में मेडिकल टीमों को भी भेजा गया, जहां लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।

