धनबाद – योग के साथ आम का स्वाद: 21 जून को डीएमसी मॉल में सजेगा आम महोत्सव, किसानों और दीदियों को मिलेगा बड़ा मंच

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इस बार धनबाद में योग के साथ आम का स्वाद भी लोगों को आकर्षित करेगा। 21 जून 2026 को बैंक मोड़ स्थित डीएमसी मॉल परिसर में प्रातः 8 बजे से भव्य आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त सन्नी राज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों एवं जेएसएलपीएस (पलाश) के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उप विकास आयुक्त ने बताया कि आम महोत्सव का मुख्य उद्देश्य जिले के किसानों द्वारा उत्पादित आमों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना है। महोत्सव में जिले के किसानों एवं एफपीओ के माध्यम से विभिन्न किस्मों के आमों की प्रदर्शनी-सह-बिक्री की जाएगी।

एक ही स्थान पर लोगों को आम्रपाली, मल्लिका, लंगड़ा, दशहरी, सिंदूरी सहित कई लोकप्रिय किस्मों के स्वादिष्ट आम खरीदने का अवसर मिलेगा। वहीं, जेएसएलपीएस से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की दीदियां भी अपने विशेष स्टॉल लगाएंगी, जहां आम से बने आचार, चटनी, अमावट, आम जूस, आम पन्ना सहित अन्य मूल्य संवर्धित उत्पादों की बिक्री की जाएगी।

Advertisement

उप विकास आयुक्त ने कहा कि धनबाद जिले में आम एक प्रमुख बागवानी फसल है और इसकी अच्छी पैदावार को देखते हुए किसानों को सीधा बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इससे किसानों की आय बढ़ेगी और महिला समूहों को भी अपनी उद्यमिता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल संचालन, समुचित व्यवस्था, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आगंतुकों की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिलेवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में आम महोत्सव में शामिल होकर स्थानीय किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों का उत्साहवर्धन करें।

योग, स्वाद और स्थानीय उत्पादों के संगम वाला यह आम महोत्सव इस बार धनबाद के लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....