लालू प्रयाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के नात तेज प्रताप यादव अपने अनोखे अंदाज को लेकर आए दिन चर्चा में बने रहते हैं। तेज प्रताप यादव और बाबा बागेश्वर की बाचतीच का एक वीडियो वायरल हो रहा है। दोनों वीडियो कॉल पर बात करते नजर आ रहे हैं।
बाबा बागेश्वर से पॉलिटिकल फ्यूचर जानना चाहा
तेज प्रताप यादव ने धीरेंद्र शास्त्री से वीडियो कॉल पर बातचीत की है। इस बातचीत की एक वीडियो सामने आया है। इस छोटे से वीडियो क्लिप में तेज प्रताप धीरेंद्र शास्त्री से अनुरोध कर रहे हैं- ‘मेरा थोड़ा राजनीतिक भविष्य देख लीजिए।’ इसके जवाब में धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं- ‘हम लोग जब साथ बैठेंगे, तब देख लेंगे।’
तीन साल पहले किया था बाबा बागेश्वर का विरोध
यह वही धीरेंद्र शास्त्री हैं जिनका तीन साल पहले तेज प्रताप यादव ने खुला विरोध किया था। यहां तक कि तेज प्रताप को खुद को धीरेंद्र शास्त्री से बड़ा ‘बाबा’ तक बता दिया था। 2023 में बिहार की राजधानी पटना में 13 से 17 मई तक पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का दरबार आयोजित हुआ था। यह आयोजन पटना से 25 किलोमीटर दूर नौबतपुर के तेरत गांव में हुआ था। बिहार दौरे से पहले ‘बागेश्वर धाम सरकार’ के सोशल मीडिया एकाउंट से धीरेन्द्र शास्त्री का एक वीडियो साझा किया गया था। इस वीडियो में धीरेन्द्र शास्त्री ने भोजपुरी में संदेश दिया था। उन्होंने कहा था- बड़ा आनंद आएगा, हम बिहार आ रहे हैं।
एयरपोर्ट से ही वापस लौटाने की दी थी धमकी
इस पर बिहार के तत्कालीन वन एवं पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव ने कहा था कि वे धीरेंद्र शास्त्री का पटना एयरपोर्ट का घेराव करेंगे। तेजप्रताप यादव ने कहा था कि उन्हें पटना एयरपोर्ट से ही वापस लौटना पड़ेगा। वे बिहार आकर हिन्दू-मुसलमान भाईयों को लड़वाने का काम करेंगे तो अनुमति नहीं मिलेगी। हिन्दू, मुस्लिम, सिख, इसाई भाई-भाई का संदेश देंगे तभी पटना में एंट्री मिलेगी और भव्य स्वागत होगा।
राम रहीम और आशाराम से की थी में धीरेंद्र शास्त्री की तुलना
यही नहीं, तेज प्रताप यादव ने एक इंटरव्यू में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तुलना राम रहीम और आशाराम बापू से भी की थी। उन्होंने कहा था कि धीरेंद्र शास्त्री भी वैसे ही बाबा हैं जैसे राम रहीम और आसाराम। अब जब तेज प्रताप यादव उसी धीरेंद्र शास्त्री से वीडियो कॉल पर अपना राजनीतिक भविष्य पूछते नजर आए हैं, तो इसे उनके बदले हुए रुख के तौर पर देखा जा रहा है।

