पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार की सरगर्मियों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को एक अलग ही रंग में नजर आए। वह मंगलवार सुबह पड़ोसी राज्य सिक्किम के गंगटोक में बच्चों के साथ फुटबॉल का आनंद लेते दिखे।
फुटबॉल खेलते तस्वीरें शेयर की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय सिक्किम दौरे पर हैं। इस क्रम में उन्होंने गंगटोक में मंगलवार सुबह-सुबह बच्चों के एक ग्रुप के साथ फुटबॉल खेला। इसकी खूबसूरत तस्वीरें पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से भी शेयर की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, गंगटोक की एक सुहावनी सुबह सिक्किम में अपने युवा दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने जैसा कुछ भी नहीं! उन्होंने कहा, स्पष्ट है कि इन युवाओं के साथ फुटबॉल का सत्र बेहद ऊर्जावान रहा!
क्या है आज पीएम मोदी का कार्यक्रम
पीएम मोदी आज गंगटोक स्थित ‘ऑर्किडेरियम’ का दौरा करेंगे। राज्य की पारिस्थितिकी और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए सिक्किम राज्य स्थापना की स्वर्ण जयंती पर एक विश्व स्तरीय ‘ऑर्किड अनुभव केंद्र’ के रूप में ‘स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क’ विकसित किया गया है। पीएम मोदी मोदी पालजोर स्टेडियम में सिक्किम की स्थापना के 50 साल पूरे होने से जुड़े समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान पीएम मोदी 4 हजार करोड़ से ज्यादा की विकास योजनाओं का अनावरण भी करेंगे।
सोमवार शाम पहुंचे थे सिक्किम की राजधानी गंगटोक
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार की शाम सिक्किम की राजधानी गंगटोक पहुंचे थे। उन्होंने यहां एक रोड शो भी किया था। पीएम मोदी ने हेलीपैड से लोकभवन तक रोड शो किया था। प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ी थी।

