गुजरात के वड़ोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदारधाम छात्रावास परियोजना का उद्घाटन करते हुए देशवासियों से फिर बड़ा आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने, लोकल उत्पादों को अपनाने और फिलहाल गैरजरूरी खर्चों से बचने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने सरदारधाम परिसर का निरीक्षण भी किया। इस परियोजना के तहत 1000 लड़कों और 1000 लड़कियों के लिए आधुनिक छात्रावास तैयार किए गए हैं। परिसर में केंद्रीय भोजन कक्ष, ई-लाइब्रेरी, पुस्तकालय, सभागार और कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रधानमंत्री ने स्वागत कक्ष, डाइनिंग एरिया और नागरिक सुविधाओं का भी दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शिक्षा और समाज के विकास में अहम भूमिका निभाएगी।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनाव परिणामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन नतीजों से पूरे देश में उत्साह का माहौल बना है। साथ ही गुजरात निकाय और पंचायत चुनावों में मिली सफलता के लिए जनता का आभार जताया। पीएम ने कहा कि गुजरात की राजनीतिक स्थिरता ही राज्य की तेज प्रगति का सबसे बड़ा कारण रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय कई बड़े संकटों से गुजर रही है। पहले कोरोना महामारी और अब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर डाला है। सप्लाई चेन प्रभावित होने से कई देशों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है और भारत भी इससे पूरी तरह अछूता नहीं है।
इसी को देखते हुए पीएम मोदी ने देशवासियों से “छोटे-छोटे संकल्प” लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो वहां मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। कार पूलिंग को बढ़ावा दें ताकि ईंधन की बचत हो सके। स्कूलों और कंपनियों से कुछ समय तक ऑनलाइन क्लास और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की भी सलाह दी।
प्रधानमंत्री ने खाने के तेल का कम उपयोग करने, विदेशी उत्पादों पर निर्भरता घटाने और फिलहाल सोने की खरीद टालने की भी अपील की। उन्होंने “वोकल फॉर लोकल” को जन आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए कहा कि देशवासियों को भारत में बनी चीजों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
पीएम मोदी ने विदेशों में छुट्टियां मनाने और डेस्टिनेशन वेडिंग करने के बजाय भारत में ही पर्यटन और आयोजन करने की सलाह दी। उन्होंने खास तौर पर Statue of Unity का जिक्र करते हुए लोगों से वहां कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया।

