जमशेदपुर में गूंजा हूल क्रांति का शौर्य: ‘ब्रिटिश हुकूमत की जड़ें हिलाने वाली पहली संगठित लड़ाई थी यह’

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में मंगलवार को हूल दिवस के मौके पर अमर वीर शहीदों की वीरता और उनके बलिदान को पूरे श्रद्धाभाव के साथ याद किया गया। देश की आज़ादी के इतिहास में मील का पत्थर मानी जाने वाली इस पहली संगठित आदिवासी जनविद्रोह (हूल क्रांति) की याद में शहर के कई राजनीतिक और सामाजिक दिग्गजों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भुइयांडीह स्थित सिदो-कान्हू चौक पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में झारखंड के तमाम बड़े नेताओं ने सिदो-कान्हू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके साथ ही चांद-भैरव और फूलो-झानो सहित देश की माटी के लिए जान न्यौछावर करने वाले सभी वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

हूल क्रांति स्वतंत्रता संग्राम की पहली चिंगारी थी — भानु प्रताप शाही
​कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने हूल क्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि
​हूल क्रांति हमारे देश के स्वतंत्रता संग्राम की वह पहली चिंगारी थी, जिसने पूरे भारतवर्ष में आज़ादी की अलख जगाने का काम किया। यह कोई सामान्य विद्रोह नहीं, बल्कि ब्रिटिश हुकूमत की जड़ों को हिलाकर रख देने वाली पहली संगठित लड़ाई थी।

आदिवासी समाज की गौरवगाथा है यह दिन: पूर्णिमा साहू
​जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने संथाल विद्रोह के नायकों को नमन करते हुए कहा कि हूल दिवस हमें हमारे आदिवासी समाज के वीर सपूतों की संघर्ष गाथा और उनके सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं से इन महापुरुषों के पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया। वहीं जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि देश के इतिहास में आदिवासी वीरों के अदम्य साहस और अद्वितीय योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका त्याग आज भी हम सभी के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है।

ये दिग्गज भी रहे उपस्थित
​श्रद्धांजलि सभा में जिला प्रभारी बबन गुप्ता, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि सह पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, शैलेश गुप्ता, संजना साहू, और अतुल प्रभात सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में देश की आज़ादी के हूल में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर सेनानियों को नमन किया।

Share This Article