​आंसुओं के बीच थमा गतिरोध: प्रशासन के झुकने और नौकरी के वादे के बाद TMH से घर पहुंचा हिमांशु का शव, अंतिम संस्कार की तैयारी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :डीडी बार के सामने हुए सरायकेला-खरसावां जिला करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह हत्याकांड में आखिरकार बुधवार को गतिरोध समाप्त हो गया। प्रशासन की ओर से मिले पुख्ता और लिखित आश्वासन के बाद परिजन शव लेने को राजी हुए। इसके बाद हिमांशु का पार्थिव शरीर टाटा मुख्य अस्पताल से उनके आदित्यपुर स्थित हरिओम नगर निवास स्थान लाया गया, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।

भारी तनाव के बीच प्रशासनिक बैठक में हुआ समझौता
​बुधवार की शाम को इस मामले को सुलझाने के लिए एक हाई-लेवल बैठक हुई। इसमें कोल्हान के डीआइजी, सरायकेला के उपायुक्त, धालभूम एसडीओ समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक पदाधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे। परिजनों और प्रशासन के बीच हुए इस समझौते में इन मुख्य बिंदुओं पर सहमति बनी।

सरकारी नौकरी की अनुशंसा: मृतक हिमांशु सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी देने के लिए प्रशासन के स्तर से राज्य सरकार को लिखित अनुशंसा भेजी जाएगी।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में ट्रायल: मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी पुलिसकर्मियों, पदाधिकारियों और अन्य आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मुकदमा चलाया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द फैसला आ सके।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई: जांच में लापरवाही बरतने वाले या संलिप्त अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

माहौल गमगीन, सुरक्षा बल तैनात
लिखित समझौते के बाद ही परिजनों ने शव को स्वीकार किया। हरिओम नगर में शव के पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में भारी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग इकट्ठा हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन द्वारा दिए गए इस लिखित आश्वासन पर कितनी जल्दी अमल किया जाता है, ताकि पीड़ित परिवार को समय पर न्याय मिल सके।

Share This Article