डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर :झारखंड में सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव और नकेल के बीच नक्सली संगठनों की कमर पूरी तरह टूटती नजर आ रही है। राज्य पुलिस और सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। 1 करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा के करीबी बॉडीगार्ड शानिचरवा समेत 18 नक्सलियों ने पुलिस के सामने अपने हथियार डाल दिए हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में कई इनामी और खूंखार उग्रवादी शामिल हैं। उग्रवादियों ने एके-47 (AK-47) समेत 12 से अधिक अत्याधुनिक और बड़े हथियार पुलिस को सौंपे हैं।
मुख्य बिंदु
18 नक्सलियों का सरेंडर: 1 करोड़ के इनामी शीर्ष कमांडर मिसिर बेसरा के बॉडीगार्ड शानिचरवा समेत 18 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
हथियारों का जखीरा बरामद: उग्रवादियों ने एके-47 (AK-47) सहित 12 से ज्यादा अत्याधुनिक हथियार और 2857 गोलियां पुलिस को सौंपीं।
रांची में होगा औपचारिक ऐलान: अगले 24 से 48 घंटों में रांची स्थित पुलिस मुख्यालय में सभी नक्सलियों को लाकर आधिकारिक तौर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सरेंडर कराया जाएगा।
कोल्हान और पलामू-लातेहार के नक्सली: सरेंडर करने वाले अधिकांश नक्सली कोल्हान, पलामू और लातेहार क्षेत्र में सक्रिय दस्ते से जुड़े हैं।
मिसिर बेसरा का दस्ता हुआ कमजोर
सूत्रों के मुताबिक एक साथ इतनी बड़ी संख्या में साथियों और बॉडीगार्ड के सरेंडर करने से शीर्ष नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा का दस्ता बेहद कमजोर पड़ गया है। कोल्हान क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे मिसिर बेसरा का नेटवर्क अब सिमटता जा रहा है। हाल ही में चाईबासा के गुईमुड़ा गांव और टोंटो थाना क्षेत्र की पहाड़ियों पर मिसिर बेसरा और 15 लाख के इनामी बीरेंद्र हांसदा की मौजूदगी की लोकेशन मिली थी, जिसके बाद से सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी मजबूत कर दी थी।
सुरक्षा बलों के लिए अब असीम मंडल नई चुनौती
मिसिर बेसरा का नेटवर्क ध्वस्त होने के बाद अब सुरक्षा बलों की नजरें 1 करोड़ रुपये के एक अन्य इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश पर हैं। सूत्रों के अनुसार आकाश पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया और बोड़ाम थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में अपने कुछ साथियों के साथ फिर से सक्रिय हो रहा है और सुरक्षा बलों के लिए नई चुनौती बनकर उभरा है।
मई में भी हुआ था बड़ा सरेंडर
झारखंड में नक्सलियों के आत्मसमर्पण का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले मई महीने में भी मिसिर बेसरा के दस्ते के 25 नक्सलियों समेत कुल 27 उग्रवादियों ने सरेंडर किया था। उस दौरान 25 लाख के इनामी सागेन अंगरिया, गांदी मुंडा, नागेंद्र मुंडा, रेखा मुंडा और सुलेमान हांसदा जैसे हार्डकोर नक्सलियों ने 16 हथियारों के साथ पुलिस के सामने घुटने टेके थे।

