युवती के मान-सम्मान से खिलवाड़ पड़ा भारी: इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला युवक ओडिशा से गिरफ्तार, चाईबासा जेल भेजा गया

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: इंटरनेट मीडिया के दुरुपयोग और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ जगन्नाथपुर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। एक युवती की आपत्तिजनक सामग्री और टिप्पणी सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोसी राज्य ओडिशा से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में चाईबासा के जेल भेज दिया गया।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के परिजनों ने बीते 29 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों का आरोप था कि एक युवक युवती के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री और भद्दी टिप्पणियां पोस्ट कर रहा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस की एक टीम ने छापेमारी कर मुख्य आरोपी दुशमंत नोन्दो (32 वर्ष) को ओडिशा के मयूरभंज जिले के भारंडिया थाना अंतर्गत परबेडा गांव से धर दबोचा।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

BNS की धाराएं: 77 और 356(1)

IT एक्ट की धाराएं: 66(E), 67 और 67(E)

जगन्नाथपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। मामले की आगे की जांच अभी जारी है।

Share This Article