पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बराकर में चैम्बर ऑफ़ कॉमर्स द्वारा एक प्रभावशाली मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बराकर रेलवे स्टेशन से बेगुनिया मोड़ तक एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में चैंबर के सदस्य शामिल हुए।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से सजी तख्तियां लेकर आम लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। पूरे मार्ग में “मतदान करें, देश मजबूत बनाएं” जैसे नारों के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी की अपील की गई।
चैंबर के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल ने लोगों से निर्भीक और निष्पक्ष होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने आगे कहा, “हर एक वोट लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है, इसलिए सभी जागरूक बनें, सही प्रतिनिधि चुनें और मतदान अवश्य करें।”
इस अवसर पर अर्जुन अग्रवाल, सीताराम बर्नवाल, राजू लोयलका, मयंक सुहासारिया, किरण मेहता, जगदीश माहेश्वरी, पंकज पोद्दार, राजेश अग्रवाल, किशोर साव और मिट्ठू माधव गढ़िया सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
यह अभियान क्षेत्र में मतदाताओं को जागरूक करने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

