इस साल गर्मी शुरू होते ही मौसम ने यूटर्न ले लिया। तेज गर्मी और लू के थपेड़ों की जगह ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना बना हुआ है। अप्रैल का एक हफ्ता बीत चूका है, लेकिन सूरज का ताप अभी तड़पा नहीं रहा है। भारत में अप्रैल की शुरूआत के साथ ही गर्मी का सितम शुरू हो जाता है लेकिन इस साल मौसम पूरी तरह बदला-बदला नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। इसके कारण दिन का तापमान घट रहा है।
बारिश के साथ आंधी-तूफान और ओले का अलर्ट
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभान यानी आईएमडी ने बुधवार 9 अप्रैल के लिए भी देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक एक एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और कई चक्रवाती परिसंचरण के असर से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत में बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की गतिविधियां तेज होंगी। वहीं कई इलाकों में तेज हवाएं और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है।
इन राज्यों में बारिश के साथ गिरेंगे ओले
मौसम विभाग ने 11 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश तक 8 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश होने का अलर्ट है। इस दौरान 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में ओले गिरने के आसार हैं। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और नगालैंड में भी बारिश हो सकती है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब में अंधड़-बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है।
पहाड़ों पर भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा
वहीं, दूसरी तरफ पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, हवा तेज चलेगी और तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक कम हो सकता है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होगी।
अप्रैल में 30 डिग्री के नीचे है तापमान
राजधानी दिल्ली में अब तक हल्की बारिश की वजह से हालात यह रहे कि अप्रैल में तीन साल बाद अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा है। अप्रैल आमतौर पर राजधानी के सबसे गर्म महीनों में शामिल होता है। अप्रैल, मई और जून सबसे गर्म महीने होते हैं। इस बार अब तक तापमान अप्रैल में 37 डिग्री के स्तर को पार नहीं कर सका है।

