तिरुवल्लूर गैस रिसाव हादसा: धनबाद के 12 श्रमिक विशेष कोच से घर रवाना, मृतका प्रीति देवी का पार्थिव शरीर एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा

KK Sagar
2 Min Read

परिजनों को झारखंड सरकार से 1.5 लाख और तमिलनाडु सरकार से 2 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा।

धनबाद: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में हुए अमोनिया गैस रिसाव हादसे के बाद सुरक्षित बचाए गए धनबाद जिले के सभी 12 प्रवासी श्रमिकों को विशेष रेलवे कोच से झारखंड रवाना कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर झारखंड सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रमिकों की सुरक्षित वापसी की पूरी व्यवस्था की।

प्रशासन की ओर से तिरुवल्लूर रेलवे स्टेशन से धनबाद के लिए विशेष रेलवे कोच की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी श्रमिक इलाज और आवश्यक देखभाल के बाद सुरक्षित रूप से अपने गृह राज्य के लिए रवाना हुए।

वहीं, इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली सुश्री प्रीति देवी का पार्थिव शरीर पूरे सम्मान के साथ हवाई मार्ग से रांची लाया जा रहा है। रांची एयरपोर्ट पर एम्बुलेंस की विशेष व्यवस्था की गई है, जिसके जरिए पार्थिव शरीर को उनके पैतृक निवास धनबाद पहुंचाया जाएगा।

मुआवजे को लेकर भी झारखंड सरकार ने तत्काल पहल की है। मृतका के आश्रितों को झारखंड सरकार के श्रम विभाग की ओर से 1.5 लाख रुपये तथा तमिलनाडु सरकार की ओर से 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इनमें से श्रम विभाग, धनबाद द्वारा 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता परिजनों को उपलब्ध करा दी गई है।

झारखंड और तमिलनाडु प्रशासन के बीच लगातार समन्वय बनाकर पीड़ित श्रमिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार ने कहा है कि इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....