देशभर में E20 यानी 20% एथेनॉल वाला पेट्रोल सवालों के घेरे में है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर तरह-तरह की बातें हो रहे हैं, सवाल उठ रहे हैं। इस बीच हाल ही में बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में मनीष ने नितिन गडकरी पर इथेनॉल मिश्रित ईंधन को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए दावा किया था कि इसकी वजह से उसकी नई टोयोटा गाड़ी के इंजन में खराबी आ गई है। अब मनीष कश्यप के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कार निर्माता कंपनी टोयोटा ने दर्ज कराई एफआईआर
मनीष कश्यप ने हाल में अपनी गाड़ी के साथ एक पेट्रोल पंप पर हंगामा किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हा था। इसमें मनीष कश्यप ने केंद्रीय मंत्री पर इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा था कि उनकी गाड़ी इसी वजह से खराब हो गई। इस हंगामे के बाद अब मामला पुलिस तक पहुंच गया है। इस दावे के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी है। मनीष कश्यप के ऊपर अब टोयोटा कंपनी ने एफआईआर दर्ज करा दिया है। टोयोटा ने झूठी अफवाह फैलाने और आरोप लगाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मनीष कश्यप को कभी भी पुलिस गिरफ्तार कर सकती है।
गडकरी ने कश्यप के आरोपों को बताया झूठा
वहीं, ई-20 पेट्रोल यानी इथेनॉल मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल से अपनी गाड़ी खराब होने का दावा करने वाले मनीष कश्यप को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उनके आरोपों को झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा है कि वाहन कंपनी की ओर से की गई जांच में मनीष कश्यप के दावे झूठे पाए गए हैं। नितिन गडकरी के मुताबिक जब टोयोटा कंपनी ने मामले में संज्ञान लिया और गाड़ी भेजने को कहा ताकि खराबी का पता लगाया जा सके। उसके बाद मनीष कश्यप ने गाड़ी नहीं भेजी। उन्होंने कहा कि कानून कार्रवाई की चेतावनी देने के बाद गाड़ी भेजी। उसके बाद टोयोटा के विशेषज्ञों ने पूरी जांच की। पता चला कि खराबी से ई-20 का कोई लेना देना नहीं है।
कश्यप का विवादों से पुराना नाता
मनीष कश्यप के लिए विवाद कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी वर्ष 2023 में वे कानून की जद में आ चुके हैं। तमिलनाडु में प्रवासी मजदूरों के बारे में कथित रूप से फर्जी वीडियो साझा करने के आरोप में 18 मार्च 2023 को उन्हें गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद काफी समय तक वे जेल में रहे थे। अब पेट्रोल पंप विवाद के बाद एक बार फिर उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

