डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों को त्योहारी सीजन में बड़ी राहत देते हुए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत बंडामुंडा ए-केबिन और राउरकेला सेक्शन के बीच पांचवीं नई रेल लाइन बिछाने के सिलसिले में 4 से 19 अक्टूबर के बीच होने वाला नॉन-इंटरलॉकिंग और प्री-एनआई काम फिलहाल रद्द कर दिया गया है। रेलवे बोर्ड के निर्देश मिलने के बाद दक्षिण पूर्व रेल प्रशासन ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर इस संबंध में पहले जारी किए गए सभी मेमोरेंडम को निरस्त कर दिया है।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
ट्रेनों का सामान्य संचालन: इस कार्य के चलते जिन 44 मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया था, वे अब पूरी तरह बहाल रहेंगी।
समय में कोई बदलाव नहीं: जिन तीन एक्सप्रेस ट्रेनों के समय में बदलाव (री-शेड्यूल) किया गया था और जिन दो ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए थे, वे सभी अब अपने निर्धारित मार्ग और तय समय सारणी के अनुसार ही आवागमन करेंगी।
त्योहारों पर सफर आसान: दुर्गा पूजा और अन्य आगामी त्योहारों के समय ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता था, लेकिन अब इस फैसले से लोगों की यात्रा सुगम हो गई है।

