बिहार में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दो और अपराधियों का एनकाउंटर कर दिया गया। पूर्वी चंपारण जिले के चकिया थाना के रामडीहा गांव में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो अपराधी कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे मारे गए। इस मुठभेड़ में एसटीएफ के एक जवान श्री राम यादव शहीद हो गए।
एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़
सोमवार देर रात करीब 2:30 बजे चकिया थाना क्षेत्र के रामडीहा गांव में एसटीएफ और बदमाशों के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। ये मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब पुलिस ने नेपाल के नंबर से धमकी देने वाले बदमाशों को ट्रेस कर घेराबंदी की। अपराधियों की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग में एसटीएफ के जवान श्रीराम यादव शहीद हो गए। वहीं, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात कुंदन ठाकुर और प्रियांशु दुबे मौके पर ही ढेर हो गए।
कॉल पर दी थी लाशें बिछाने की धमकी
जानकारी मिली है कि मुठभेड़ से पहले कुंदन ठाकुर ने चकिया थाना के अपर थानाध्यक्ष को नेपाल के नंबर से फोन कर धमकी दी थी। फोन पर उसने कहा, “सर, न्यूज में देख रहे हैं कि पुलिस और अपराधियों की मुठभेड़ में एक बदमाश घायल है। पता है अगला न्यूज क्या होगा? अपराधी और पुलिस की मुठभेड़ में दस से पंद्रह पुलिसकर्मियों की मौत और अपराधी फरार। गुंडागर्दी क्या होती है, आपको और पूरे शहर को दिखा देंगे।”
कॉल ट्रेस कर लोकेशन पर पहुंची थी एसटीएफ
इसी कॉल को ट्रेस करते हुए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने रामडीहा में उनकी लोकेशन का पता लगाया। जैसे ही पुलिस और एसटीएफ की टीम ने अपराधियों को चारों तरफ से घेरा, बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। खुद को घिरता देख अपराधी ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे। इसी दौरान एसटीएफ जवान श्रीराम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके से दो अपराधी गिरफ्तार
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद DIG से लेकर SP तक मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर रखा है और छुपे हुए अपराधियों की तलाश जारी है। पुलिस ने घटना स्थल से एक कार्बाइन ,दो पिस्टल , दो कट्टा , पांच जिंदा कारतूस और सत्रह खोखा बरामद किया है। साथ ही मौके से दो अपराधी उज्ज्वल कुमार और संत कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों पिता पुत्र बताए जा रहे है।मृतक अपराधी प्रियांशु दुबे मुजफ्फरपुर जिला के साहेबगंज थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

