​बंगाल में मिनी गन फैक्टरी जैसा मंजर: TMC नेता के घर से 10 आग्नेयास्त्र और गोलियों का जखीरा जब्त, 3 गिरफ्तार

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।मिरर मीडिया : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में पुलिस ने एक बड़े अवैध हथियार नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। बहरमपुर और शक्तिपुर थाना क्षेत्रों में चलाए गए एक विशेष तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के पूर्व शहर युवा अध्यक्ष पापाई घोष के आवास सहित दो ठिकानों से भारी मात्रा में असलाह जब्त किया है।

कार्रवाई की मुख्य बातें
बरामदगी: अभियान में कुल 10 अवैध आग्नेयास्त्र (पिस्तौल व पाइपगन), 11 मैगजीन और 226 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
नेता के घर पर छापेमारी: पापाई घोष के खागड़ा स्थित आवास से 2 नौ एमएम पिस्तौल, 3 7.65 एमएम पिस्तौल, 2 पाइपगन और 186 राउंड गोलियां मिलीं।
गिरफ्तारियां: शक्तिपुर के बाजारसौ इलाके से 3 संदिग्धों—जब्बार मंडल, आलमगीर शेख और चांद अली मंडल को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
​मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक सचिन मक्कर के अनुसार पापाई घोष को हाल ही में विभिन्न आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस हिरासत में हुई कड़ाई से पूछताछ के दौरान उसने घर में छिपाकर रखे गए हथियारों के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद बहरमपुर पुलिस ने छापेमारी की। बता दें कि इससे पहले मई में विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद भी पापाई घोष के निजी सहायक असीम सरकार के ठिकाने से 3 पिस्तौल और 140 राउंड गोलियां बरामद हुई थी, जिसके बाद से पापाई फरार चल रहा था।

बिहार से मुंगेर कनेक्शन और बांग्लादेश तस्करी की आशंका
​मामले की दूसरी कार्रवाई में शक्तिपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बाजारसौ इलाके से दो संदिग्धों को पकड़ा, जिनके पास से 3 आग्नेयास्त्र, 6 मैगजीन और 40 राउंड गोलियां मिली। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ये हथियार चांद अली मंडल तक पहुंचाने जा रहे थे, जिसे बाद में पुलिस ने दबिश देकर धर दबोचा। पुलिस सूत्रों की शुरुआती जांच के अनुसार जब्त किए गए हथियार बिहार के मुंगेर से खरीदे गए थे। पुलिस को अंदेशा है कि इस अंतरराज्यीय गिरोह का मुख्य मकसद इन हथियारों की सीमा पार बांग्लादेश में तस्करी करना था। फिलहाल पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।

Share This Article