KU में अप्रेंटिसशिप का मौका हाथ से न निकले, 31 अगस्त के बाद अभ्यर्थिता होगी रद्द

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:कोल्हान विश्वविद्यालय ने युवाओं को रोजगार के अवसर से जोड़ते हुए राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण योजना के तहत 54 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन कर लिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सभी चयनित उम्मीदवारों को निर्देश दिया है कि वे 31 अगस्त तक अपने आवंटित संस्थानों में जॉइनिंग सुनिश्चित करें।

इन विभागों में मिली तैनाती

चयनित अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय मुख्यालय के अलावा विभिन्न अंगीभूत कॉलेजों में तैनात किया जाएगा। इन्हें मुख्य रूप से प्रशासनिक अनुभाग, कंप्यूटर लैब, भौतिकी प्रयोगशाला, पुस्तकालय में एक साल के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए नियुक्त किया गया है।

31 अगस्त तक योगदान न करने पर रद्द होगी अभ्यर्थिता

यूनिवर्सिटी ने स्पष्ट किया है कि तय समयसीमा 31 अगस्त तक योगदान नहीं देने वाले अभ्यर्थियों का चयन स्वतः रद्द मान लिया जाएगा। जॉइनिंग के समय अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक व अन्य प्रमाण-पत्रों की स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो और आवश्यक रिपोर्ट जमा करनी होगी।

राज्य सरकार की नीति पर हुआ चयन

यह चयन प्रक्रिया 4 मई को जारी किए गए विज्ञापन और राज्य सरकार की आरक्षण व चयन नीति के तहत पूरी की गई है। एक वर्ष की प्रशिक्षण अवधि के दौरान सभी प्रशिक्षुओं को प्रतिमाह 13,500 रुपए का स्टाइपेंड दिया जाएगा।

Share This Article