प्रबंधन पर प्रताड़ना का आरोप, बहाली नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
देवघर/देवीपुर : झारखंड के एकमात्र एम्स में उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब संस्थान में कार्यरत सुरक्षा गार्डों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पांच सुरक्षा कर्मियों को सेवा से हटाए जाने के विरोध में गार्ड मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे सुरक्षा कर्मियों का आरोप है कि एम्स प्रशासन द्वारा उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका कहना है कि वे सभी निर्धारित नियमों और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, इसके बावजूद उन पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है और परेशान किया जाता है।
सुरक्षा गार्डों ने बताया कि हाल ही में उनके पांच साथियों को बिना उचित कारण सेवा से हटा दिया गया है। इसी फैसले के विरोध में सभी कर्मी एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक हटाए गए कर्मियों को दोबारा काम पर नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
धरने के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और हटाए गए कर्मियों की तत्काल बहाली की मांग की। प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए मुख्य गेट पर हलचल का माहौल बना रहा।
हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर एम्स प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।
deo

