कुल्टी। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर स्थित बीसीसीएल सीवी एरिया-12 के मनबड़िया शिव मंदिर, नीचु धौड़ा में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब क्वार्टर खाली कराने को लेकर प्रबंधन द्वारा जारी नोटिस के खिलाफ स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
बताया जा रहा है कि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) प्रबंधन ने यहां रह रहे लोगों को महज सात दिनों के भीतर क्वार्टर खाली करने का अल्टीमेटम दिया था। नोटिस की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक प्रत्याशी डॉ. अजय कुमार पोद्दार मौके पर पहुंचे और लोगों के समर्थन में खुलकर सामने आए।
स्थिति तब और गरमा गई जब डॉ. पोद्दार ने खुद क्वार्टरों पर लगे नोटिस को उखाड़कर फाड़ दिया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में उत्साह देखा गया और उन्होंने उनका समर्थन किया।
डॉ. पोद्दार ने बीसीसीएल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि बिना संवाद और समाधान के किसी भी परिवार को बेदखल करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक इस मुद्दे पर उचित बातचीत नहीं होती, तब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई पर रोक लगनी चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने बीसीसीएल के महाप्रबंधक को लिखित रूप से नोटिस वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि गरीब और श्रमिक परिवारों के अधिकारों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने भी एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करने की बात कही है, जिससे आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।

