जमशेदपुर : बर्मामाइंस पुलिस ने एक ऐसे वाहन चोर गिरोह का भांडाफोड किया है जो ट्रेलर और हाइवा जैसे बड़े वाहनों के पार्ट-पुर्जों की चोरी कर कटिंग कर बेचने का काम करते है। गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर पुलिस टीम ने चोरी के सामान भी जब्त किया हैं। जिन सामानों की बरामदगी हुई उसमें चोरी गए ट्रेलर का करीब तीन टन पार्ट-पुर्जों के अलावा उसका नंबर प्लेट, कटिंग करने में प्रयुक्त छह पीस ऑक्सीजन गैस सिलिंडर, दो कॉमर्सियल गैस सिलिंडर, एक पीस कटर पाइप के साथ, चोरी गए ट्रेलर का आठ पीस टायर रीम शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों का प्रोफाइल क्रिमिनल ही रहा है। पुलिस ने गिरोह के जिन सदस्यों को गिरफ्तार किया है उसमें बारीगोड़ा के देवनगर का रहनेवाला रोहित कुमार शर्मा, बारीगोड़ा के नवरंग रोड का चन्दन यादव उर्फ कल्लू, बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी के अर्जुन सेन और कैलाशनगर के अजय सिंह उर्फ दुर्गा शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस की गिरफ्त में आए रोहित कुमार शर्मा पर बर्मामाइंस थाने में पूर्व में एक आपराधिक मामला दर्ज है।
बताया जाता है कि इस मामले में भी पुलिस ने पहले उसे ही गिरफ्तार किया। उसके बाद रोहित ने अपने साथियों के नाम बताते हुए पूरे मामले का पुलिस के सामने खुलासा किया। मामला 14 दिसंबर की रात ट्रेलर संख्या- JH05CY-9599 के बेड की चोरी का है। इसे लेकर ब्रिक इन्टरप्राईजेज कंपनी के सुपरवाईजर प्रदीप झा ने बर्मामाइंस में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। उसके बाद वरीय पदाधिकारी के दिशा-निर्देश में सिटी डीएसपी व बर्मामाइंस थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन कर छापामारी की गई। इस दौरान पुलिस ने चोरी गये ट्रेलर संख्या- JHO5CY-9599 के कटे हुए पार्ट-पुर्जों के टुकड़े व ट्रेलर का नम्बर प्लेट, लोहा कटिंग में प्रयुक्त गैस सिलिंडर व कटर चांडिल स्थित कांदरबेड़ा के पालिवाल गोदाम से बरामद किया। साथ ही पुलिस ने इस पूरे मामले में लिप्त गिरोह के चार सदस्यों को धर-दबोचा। उन्होंने पूर्व में भी ट्रेलर और हाइवा चोरी की इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात पुलिस के सामने स्वीकार किया है।

