धनबाद। पूर्व मध्य रेल, धनबाद मंडल के तहत ऑपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान में गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। धनबाद स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 08 पर लिफ्ट के पास RPF पोस्ट-धनबाद, GRP/धनबाद और CIB/धनबाद की संयुक्त टीम ने एक शातिर व आदतन अपराधी को चोरी के मोबाइल, नकद, ट्रॉली बैग, आर्टिफिशियल गहनों समेत अन्य सामान के साथ पकड़ लिया।
कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में की गई। टीम ने सुबह लगभग 6:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि धनबाद स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों के यात्रियों से चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। आरोपी ने यह भी बताया कि 2025 में गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र में टोटो चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहेल अंसारी (20 वर्ष), पिता – मोईनुद्दीन अंसारी, निवासी – बरुआडीह, CCI गेट के पास, पुलिस लाइन गिरिडीह, थाना – मुफस्सिल गिरिडीह, जिला – गिरिडीह (झारखंड) के रूप में हुई है।
बरामद सामान
- अमेरिकन टुरिस्टर कंपनी का ट्रॉली बैग
- VIVO Y22 स्मार्टफोन
- POCO M2 PRO स्मार्टफोन
- REDMI Note 9 स्मार्टफोन
- Realme 5 स्मार्टफोन
- OPPO A5S स्मार्टफोन
- पुराना इस्तेमाल किया हुआ पावर बैंक
- मंगलसूत्र (रोल गोल्ड, सोने जैसा)
- कान का टॉप (रोल गोल्ड, सोने जैसा)
- कान का छोटा बाली (रोल गोल्ड, सोने जैसा) – कुल वजन 10.30 ग्राम
- चांदी की 6 अंगूठियां – कुल वजन 10 ग्राम
- नकद ₹7,825
बरामदगी का कुल अनुमानित मूल्य करीब ₹1,25,000 आंका गया है।
FIR और जांच
इस मामले में ASI/GRP धनबाद रामकुमार पासवान द्वारा लिखित प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके आधार पर GRP धनबाद में कांड संख्या 84/25, दिनांक 11/09/25, U/S 303(2)/317(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच का भार ASI तारणि महतो को सौंपा गया है।
आपराधिक इतिहास की पूरी जानकारी फिलहाल तकनीकी कारणों से उपलब्ध नहीं हो सकी है। आरोपी ने स्वयं स्वीकार किया है कि वह इससे पहले गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र से टोटो चोरी के मामले में जेल जा चुका है।