CCTV की तीसरी आंख से बच नहीं पाया शातिर चोर, धनबाद स्टेशन पर दो चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार

KK Sagar
3 Min Read

पहले भी मोबाइल चोरी के मामले में जा चुका है जेल, ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत CIB और RPF की संयुक्त कार्रवाई

धनबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अपराध आसूचना शाखा (CIB) धनबाद को बड़ी सफलता मिली है। CCTV कैमरे की मदद से एक आदतन और शातिर अपराधी को दो चोरी के मोबाइल फोन समेत गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार (19 जून 2026) की सुबह CIB धनबाद की टीम CCTV फुटेज की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित वेटिंग रूम में घूमता हुआ दिखाई दिया। पहचान करने पर पता चला कि उक्त व्यक्ति को पहले भी मोबाइल चोरी के मामले में CIB द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।

इसके बाद CIB के निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में CIB एवं RPF पोस्ट धनबाद की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को प्लेटफॉर्म संख्या-7 के कतरास छोर से दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दो चोरी के मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रेलवे यात्रियों के मोबाइल चोरी करता है और अन्य सामान चुराने की फिराक में स्टेशन परिसर में घूम रहा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान करण कुमार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गोधर, थाना केन्दुआडीह, जिला धनबाद का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता पश्चिम बंगाल के रानीगंज स्थित अंजना सिनेमा हॉल के सामने बताया गया है।

बरामद सामान

ओप्पो कंपनी का एक सफेद रंग का स्क्रीन टच मोबाइल

रियलमी कंपनी का एक ग्रे रंग का स्क्रीन टच मोबाइल

मैक्सिमा कंपनी की एक गोल्डन रंग की कलाई घड़ी

MIVI कंपनी का एक सफेद रंग का ईयरबड

आरोपी के खिलाफ पहले भी जीआरपी धनबाद में मोबाइल चोरी का मामला दर्ज है। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 में भी कांड संख्या 126/25 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

गिरफ्तारी के बाद अपराध आसूचना शाखा धनबाद के उप निरीक्षक शशिकांत तिवारी ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को बरामद सामान के साथ जीआरपी धनबाद के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ कांड संख्या 131/26 दर्ज कर मामले की जांच एएसआई रामधन महतो को सौंप दी है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व आईपीएफ/CIB धनबाद अरविंद कुमार राम ने किया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....