डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर स्थित परसुडीह थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार की सुबह सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में एक अज्ञात किशोरी का शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने अंदेशा जताया है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।
आंगनबाड़ी संचालिका ने सबसे पहले देखा शव
जानकारी के मुताबिक घटना का खुलासा तब हुआ जब स्कूल परिसर में चलने वाले आंगनबाड़ी केंद्र की संचालिका सुलेखा शांडिल्य सुबह काम पर पहुंची। उन्होंने स्कूल के आंगन में एक किशोरी को बेसुध पड़ा देखा। पास जाने पर पता चला कि उसकी मृत्यु हो चुकी है। सुलेखा ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस को दी।
पुलिस की कार्रवाई और शिनाख्त की कोशिश
परसुडीह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर पिछले कुछ दिनों में दर्ज हुई लापता शिकायतों का मिलान कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हत्या से पहले दुष्कर्म हुआ था या नहीं।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
एक सरकारी विद्यालय जिसे सुरक्षित माना जाता है, वहां इस तरह की वारदात होने से ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों में भारी गुस्सा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाए। इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद मौत के सही कारणों और घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

