बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दलों में सियासी घमासान मचा हुआ है। वहीं, इंडिया गठबंधन की ‘वोट अधिकार यात्रा’ अपने पड़ाव पर आगे बढ़ रही है। बिहार में निर्वाचन आयोग की ओर से कराए गए एसआईआर के तहत 65 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम काटे जाने के खिलाफ शुरू की गई राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के वोटर अधिकार यात्रा का आज 12 वां दिन है। आज के यात्रा की शुरुआत सीतामढ़ी जिले से हो गई है। आज की यात्रा के दौरान राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और पप्पू यादव ने सीतामढ़ी के जानकी मंदिर में पूजा अर्चना की।

शहर के डुमरा स्थित हवाई अड्डा मैदान में लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा गुरुवार की सुबह आठ बजे से प्रारंभ हुई। इस दौरान यह यात्रा हवाई अड्डा मैदान से शहर के शांति नगर, राजोपट्टी, कारगिल चौक, मेहसौल चौक होते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंची। इसके बाद ऐतिहासिक जानकी मंदिर में मां सीता की पूजा अर्चना की और उसके बाद उनका काफिला रीगा विधानसभा क्षेत्र की ओर कूच कर गया। इस दौरान राहुल गांधी के साथ राज्य में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, वीआईपी प्रमुख मुकेश साहनी व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रियंका गांधी नहीं कर सकीं मां जानकी का दर्शन
प्रियंका गांधी भी मां जानकी मंदिर के दर्शन करना चाहती थीं। हालांकि रूट तय न हो पाने के कारण वे वापस दिल्ली आ चुकी हैं। जबकि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने आज सुबह सुबह पहुंचकर दर्शन किए। इसके साथ ही वहां पूजा अर्चना भी की है। दरअसल, राहुल गांधी ने एक दिन पहले ही जानकी मंदिर में दर्शन की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि उस समय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों के कारण परमिशन नहीं दी थी। बाद में रूट तय करके ये परमिशन दी गई। बड़ी मशक्कत के बाद कल सुबह राहुल-तेजस्वी के मां जानकी मंदिर दर्शन का कार्यक्रम बन पाया। प्रशासन की तरफ से इस कार्यक्रम को लेकर पहले सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया था।
बिहार लूटने वालें को माता सबक सिखाएंगी- तेजस्वी
सीतामढ़ी में जानकी मंदिर में दर्शन और पूजा अर्चना के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा को लोगों का शानदार समर्थन मिल रहा है। यह एक ऐतिहासिक यात्रा है। मैंने दर्शन किए… मैं कामना करता हूं कि बिहार का विकास हो। माता बिहार को लूटने वालों को सबक सिखाएंगी।
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष ने माता रानी से मांगा आशीर्वाद
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सीतामढ़ी में माता सीता के मंदिर में दर्शन कर देश और राज्य की प्रगति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, माता रानी की कृपा सभी पर बनी रहे. हम यहां लोककल्याण मांगने आए हैं ताकि देश और बिहार राज्य की तरक्की हो। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।