डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी द्वारा 45-घाटशिला (अ.ज.जा) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त दावों व आपत्तियों के निराकरण के बाद अंतिम निर्वाचक सूची के प्रकाशन की जानकारी दी गई। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह उपस्थित रही।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 02 सितंबर 2025 को किया गया था। दावे व आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 02 से 17 सितंबर 2025 तक निर्धारित रही। दावों व आपत्तियों का निपटारा 25 सितंबर 2025 तक संपन्न हुआ। आज 29 सितंबर 2025 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार
फॉर्म-6 (नए मतदाता नामांकन) के कुल 5325 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5171 स्वीकार किए गए।
फॉर्म-7 (नाम विलोपन) के 750 आवेदन आए, जिनमें से 715 स्वीकार हुए।
फॉर्म-8 (शुद्धिकरण/संशोधन) के 3677 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 3645 स्वीकृत किए गए।
अंतिम निर्वाचक नामावली के अनुसार जिले में कुल 2,55,823 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जो प्रारंभिक सूची (02.09.2025) की तुलना में 4,456 अधिक हैं। इनमें पुरुष मतदाता – 1,24,899 (+1,585, 1.29% वृद्धि), महिला मतदाता – 1,30,921 (+2,871, 2.24% वृद्धि), तृतीय लिंग – 03 (कोई परिवर्तन नहीं) शामिल हैं।
निर्वाचक सूची से संबंधित आयु-वार व विशेष श्रेणियों के विस्तृत आंकड़े
विदेशी मतदाता (Overseas Electors) – 01
PwD (विकलांगजन) मतदाता – 2,735 (पहले से 87 अधिक, +3.29%)
सेवा मतदाता (Service Voters) – 368 (8 की वृद्धि, +2.22%)
18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता – 16,178 (2,870 की वृद्धि, +21.57%)
85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाता – 629
लैंगिक अनुपात (Gender Ratio) – 1048 (पहले 1038 से सुधार, +0.96%)
EP Ratio – 63.84 (पहले 62.73 से सुधार, +1.77%)
आयु वर्गानुसार मतदाताओं की संख्या (45-घाटशिला विधानसभा क्षेत्र):
18–19 वर्ष : 16,178
20–29 वर्ष : 61,378
30–39 वर्ष : 69,650
40–49 वर्ष : 45,732
50–59 वर्ष : 33,422
60–69 वर्ष : 20,158
70–79 वर्ष : 7,567
80–89 वर्ष : 1,545
90–99 वर्ष : 190
100+ वर्ष : 3
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि युवा वर्ग, विशेषकर 18–19 वर्ष के नए मतदाताओं की बढ़ी हुई संख्या लोकतंत्र के प्रति युवाओं की जागरूकता और सहभागिता को दर्शाती है। वहीं दिव्यांग मतदाताओं और सेवा मतदाताओं की सटीक पहचान व सूचीबद्धता चुनाव आयोग की प्रतिबद्धता को मजबूत करती है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी मतदाताओं से अपील किया कि वे अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम, पता व विवरण की जांच अवश्य करें, और अगर किसी तरह की त्रुटि मिले तो समय पर सुधार के लिए आवेदन करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी योग्य मतदाता लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने हेतु आगामी चुनाव में मतदान अवश्य करें। उन्होने कहा कि मतदाता सूची का यह अंतिम प्रकाशन निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करता है। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।