राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज चुनाव कराए होने हैं। इनमें बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटें शामिल हैं। नतीजे आज शाम को ही घोषित किए जाएंगे। बता दें कि देशभर में इस बार राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
बिहार में पांचवीं सीट पर टिकी सबकी नजर
इस बार बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के चुनाव में दिलचस्प मुकाबला दिख रहा है। सत्तारूढ़ एनडीए गठबंधन इन सभी 5 सीटों पर जीत का दावा कर रहा है। एनडीए की ओर से प्रमुख उम्मीदवारों में जदयू प्रमुख नीतीश कुमार, बीजेपी नेता नितिन नवीन और आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर (जेडीयू) और भाजपा के प्रदेश महासचिव शिवेश कुमार भी मैदान में हैं। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अपने उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह के लिए समर्थन जुटाने में जुटा है। संख्याबल के आधार पर एनडीए चार सीटें आसानी से जीत सकता है। एनडीए के पास विधानसभा में कुल 202 विधायक हैं, जबकि एक उम्मीदवार को जीत के लिए 41 वोट की जरूरत है।
ओडिशा में राज्यसभा चुनाव से पहले हाई वोल्टेज ड्रामा
ओडिशा में चार राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव ने सियासी नाटक का रूप ले लिया है। कांग्रेस ने अपने एक लापता विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जबकि विधायकों को कथित रूप से रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में कर्नाटक के बेंगलुरु से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि ये लोग उस रिसॉर्ट में घुस गए थे जहां ओडिशा के कांग्रेस के 14 में से आठ विधायक ठहरे हुए थे। आरोप है कि उन्होंने एक विधायक को खाली चेक देकर रिश्वत की पेशकश की। ओडिशा कांग्रेस विधायक दल के उपनेता अशोक कुमार दास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि विधायकों को करोड़ों रुपये की पेशकश की गई।
हरियाणा में दो सीटों के लिए दिलचस्प मुकाबला
उधर हरियाणा में दो राज्यसभा सीटों के लिए मुकाबला दिलचस्प हो गया है। यहां भाजपा के संजय भाटिया, कांग्रेस के करमवीर सिंह बौध और भाजपा समर्थित निर्दलीय सतीश नांदल चुनाव मैदान में हैं। राज्यसभा पहुंचने के लिए हर उम्मीदवार को 31 वोटों की जरूरत है।

