मिरर मीडिया : 10 एमएलडी जलापूर्ति बढ़ाए जाने के बावजूद धनबाद के विभिन्न इलाकों में जल संकट से राहत नहीं मिली है। शहर में पानी के लिए लोगों को अभी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई जल मीनार के इलाके ऐसे हैं, जहां जरूरत भर पानी नहीं पहुंच रहा है। लोगों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। 14 अप्रैल तक 40 से 44 एमएलडी पानी की सप्लाई हो रही थी। फिलहाल 50 से 54 एमएलडी तक जलापूर्ति की जा रही है। बताया जाता है कि गर्मी के वजह से हर घरों में पानी की खपत बढ़ गई है। सप्लाई पानी एक वक्त ही मिल रहा है। सुबह जमा किया गया पानी शाम तक खत्म हो जाता है। बढ़ाया गया 10 एमएलडी पानी भी पूरा नहीं पड़ रहा है।
सुबह होने के साथ पानी जमा करने में जुट जाते हैं लोग
फिलहाल एक वक्त जलापूर्ति होने के वजह से लोग सुबह उठते ही पानी जमा करने में जुट जाते हैं। इसकी मुख्य वजह पानी के लिए सीमित वैकल्पिक साधन है। हर मोहल्ले में चापाकल दूरी पर है। पानी खत्म होने पर लोगों को चापाकल पर दौड़ लगानी पड़ती है।

