एमजीएम में पानी का संकट: उपायुक्त का अल्टीमेटम, 15 जून तक काम पूरा नहीं हुआ तो एजेंसी पर दर्ज होगी FIR

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त राजीव रंजन ने एमजीएम अस्पताल में पेयजलापूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि भीषण गर्मी के दौरान अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में पेयजल की कमी गंभीर विषय है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने उप नगर आयुक्त जेएनएसी को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पेयजल संकट को दूर करने के लिए प्रतिदिन 15 टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने निर्देश दिया कि सभी वार्डो, ओपीडी, इमरजेंसी, शौचालय और अन्य आवश्यक स्थानों पर नियमित रूप से स्वच्छ जल उपलब्ध रहे और इसकी सतत मॉनिटरिंग की जाए।

उपायुक्त ने एमजीएम अस्पताल में स्थायी समाधान के रूप में चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। कार्य में अपेक्षित गति नहीं होने और निर्धारित समयावधि में कार्य पूरा नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए उप नगर आयुक्त, जेएनएसी को निर्देश दिया कि 15 जून तक हर हाल में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित कार्य एजेंसी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यो में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में उप विकास आयुक्त, एसडीएम धालभूम, निदेशक एनईपी, एमजीएम के प्राचार्य, एमजीएम उपाधीक्षक, सहायक नगर आयुक्त मानगो नगर निगम, अभियंता और कार्यदायी एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share This Article