देवघर: देवीपुर स्थित All India Institute of Medical Sciences Deoghar का 8वां स्थापना दिवस शनिवार को बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री Annapurna Devi और गोड्डा सांसद Nishikant Dubey मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर संस्थान की उपलब्धियों, अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं और रिसर्च कार्यों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया, वहीं बेहतर शोध कार्य करने वाले फैकल्टी सदस्यों को सर्टिफिकेट और शील्ड देकर प्रोत्साहित किया गया।
केंद्रीय मंत्री Annapurna Devi ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा संताल परगना को दिया गया एम्स एक बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि एम्स बनने से सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं और पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान में लगातार रिसर्च कार्य किए जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मजबूत हो रही है।
वहीं सांसद Nishikant Dubey ने कहा कि एम्स जैसा संस्थान अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि यहां लगातार हाईटेक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी उपयोग किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में देवघर एम्स देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में अपनी अलग पहचान बनाएगा तथा यहां से निकलने वाले डॉक्टर देश-विदेश में नाम रोशन करेंगे।

