‘हम लड़े हैं, हम लड़ेंगे’, आरजेडी के 30वें सालगिरह पर लालू यादव का मंत्र

Neelam
By Neelam
2 Min Read

राष्ट्रीय जनता दल आज अपना 30वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर पटना स्थित पार्टी कार्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने दीप प्रज्वलित कर की। स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए लालू यादव ने विरोधियों को कड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा, ‘हम लड़े हैं और हम लड़ेंगे’।

पार्टी किसी भी दबाव के आगे झुकने वाली नहीं-लालू यादव

पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लालू प्रसाद यादव ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास को याद किया। उन्होंने कहा कि आरजेडी ने हमेशा शोषितों, वंचितों और पिछड़ों की लड़ाई लड़ी है। उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टी किसी भी दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है और जनता के अधिकारों की लड़ाई को अंतिम सांस तक जारी रखेगी।

कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान

लालू यादव ने संगठन की मजबूती पर सबसे ज्यादा जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पार्टी के हर एक सिपाही का एकजुट रहना बेहद जरूरी है। सुप्रीमो ने आह्वान किया, ‘सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करिए।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर जनता के बीच जाने की सलाह दी।

तेजस्वी ने कहा-हमारी लड़ाई जारी रहेगी

राजद के 30वें स्थापना दिवस पर तेजस्वी यादव ने हुंकार भरते हुए अपने संबोधन में पार्टी नेताओं को एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने को कहा। इस दौरान उन्होंने सत्तापक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि, किस तरह से सत्ता में ये लोग आए हैं, यह बात सभी लोग जानते हैं। दो करोड़ जनता ने राष्ट्रीय जनता दल का साथ दिया है और उनके लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

Share This Article