देशभर में मौसम का उतार-चढ़ाव, यूपी-बिहार समेत 22 राज्यों के लिए भीषण आंधी-बारिश का अलर्ट

Neelam
By Neelam
4 Min Read

मार्च की शुरुआत में गर्मी ने परेशान करना शुरू कर दिया था। वहीं, अचानक मौसम में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है। बारिश ने कई राज्यों में मौसम सुहाना हो गया है। भारत मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है।

22 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर, मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत के 22 राज्यों में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं। साथ ही इस दौरान कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 22 मार्च तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है।

बिहार के कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि के आसार

बिहार में पिछले कुछ दिनों से दिन का तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा था। गर्मी लोगों को परेशान करने लगी थी। लेकिन अब मौसम पूरी तरह बदलने वाला है। आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज और कल राज्यभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। आसमान में काले बादल छाए रहेंगे, तेज हवाएं चलेंगी और कई जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।

40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी

आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 20 मार्च को पूरे बिहार में मौसम खराब रहने की संभावना है। राज्यभर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने के भी आसार हैं। इससे लगभग सभी जिलों में मौसम का असर देखने को मिलेगा। खराब मौसम का सबसे ज्यादा प्रभाव सीमांचल और दक्षिण-पूर्वी बिहार के जिलों में पड़ेगा। खासकर मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई गई है।

22 मार्च से साफ होगा मौसम

21 मार्च को पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में मौसम सामान्य रहेगा। वहीं मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, बेगूसराय, पटना, गया, नवादा, जमुई और आसपास के जिलों में आंधी और बारिश जारी रहेगी। 22 मार्च से पटना, वैशाली, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद में मौसम साफ होने लगेगा। सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में हल्की बारिश और तेज हवा बनी रह सकती है।

मार्च में ही मई-जून जैसी गर्मी

दरअसल, मार्च के महीने में ही गर्मी ने लोगों को अभी से मई-जून का अहसास कराना शुरू कर दिया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के समय लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि थोड़ी देर धूप में खड़ा रहना भी परेशानी भरा हो गया है। हाल के दिनों में उत्तर और पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में मौसम जरूर बदला, लेकिन इसका असर पटना और आसपास के इलाकों में देखने को नहीं मिला। यहां लगातार तेज धूप और ऊंचे तापमान के कारण गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

Share This Article