उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। Western Disturbance की सक्रियता के कारण बिहार और झारखण्ड समेत दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल रहा है। India Meteorological Department ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए कई क्षेत्रों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बिहार में मौसम ने सबसे ज्यादा असर दिखाया है। शुक्रवार रात पटना समेत 34 जिलों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई, वहीं ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। शनिवार को भी राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश और गरज-तड़क की संभावना बनी हुई है।
वहीं झारखण्ड में भी मौसम को लेकर हाई अलर्ट जारी है। चतरा, रांची, खूंटी, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, लातेहार और लोहरदगा समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
इधर दिल्ली में शुक्रवार को हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। शनिवार को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि रविवार को 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और मध्यम बारिश हो सकती है। आने वाले एक सप्ताह तक तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

