भागने लगे तो हुआ शक… पलामू पुलिस ने देसी रिवाल्वर और 6 जिंदा कारतूस के साथ तीन को दबोचा

KK Sagar
2 Min Read

पलामू पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से दो देसी रिवाल्वर, छह जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ने बताया कि 4 जुलाई की रात करीब 7:40 बजे नियमित एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान दुबियाखाड़ की ओर से एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH03AG-3128) पर सवार तीन युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने का प्रयास करने लगे। चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देसी रिवाल्वर और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश कुमार सिंह और रवि प्रजापति (दोनों निवासी ग्राम चियांकी कुसुमताड़) तथा सुदर्शन सिंह (निवासी चियांकी डीएवी चौक, सदर थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस छापेमारी अभियान में एएसआई बसंत कुमार दुबे के साथ पुलिस जवान श्रवण कुमार मेहता, संजय राम, मनीष कुमार दुबे और शैलेश कुमार शुक्ला की अहम भूमिका रही।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....