Bihar: कौन हैं राम नाथ ठाकुर? जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद चर्चा में है ये नाम

Neelam
By Neelam
3 Min Read
Ram Nath Thakur | X

जगदीप धनखड़ ने जबसे उपराष्ट्रपति पद से अपना इस्तीफा दिया है। जगदीप धनखड़ के अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद अब देश के अगले उपराष्ट्रपति को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। चुनाव आयोग ने उपराष्ट्रपति चुनाव का नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। इस बीच हर किसी की नजर इस पर टिकी है कि देश का अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा। इस पद के लिए कई बड़े नामों पर चर्चा चल रही थी, वहीं अब इस दौड़ में एक चौंकाने वाला नाम और जुड़ गया है।

रामनाथ ठाकुर के घर पहुंचे जेपी नड्डा

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जेडीयू सांसद और केन्द्रीय मंत्री राम नाथ ठाकुर से मुलाकात करके अटकलों का बाजार गर्म कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को राजधानी दिल्ली में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राज्यसभा सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर से मिलने पहुंचे। नड्डा स्वर्ण जयंती अपार्टमेंट में रामनाथ ठाकुर से मुलाकात करने पहुंचे थे।

रामनाथ ठाकुर कौन हैं?

रामनाथ ठाकुर बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं। वे राज्य की राजनीति में एक सम्मानित और अनुभवी चेहरा माने जाते हैं। उनका राजनीतिक करियर वर्ष 2005 में शुरू हुआ जब वे नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में गन्ना मंत्री बनाए गए। बाद में वे 2005 से 2010 तक बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे। रामनाथ ठाकुर जेडीयू कोटे से राज्यसभा सांसद हैं और वर्तमान में केंद्र की मोदी सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उनके पिता कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया है, जिससे उनकी पारिवारिक विरासत को भी सम्मान मिला है।

क्यों उछला राम नाथ ठाकुर का नाम?

राम नाथ ठाकुर बिहार से हैं और वहां इस साल विधानसभा चुनाव हैं। जेडीयू और बीजेपी का साथ केंद्र में भी जरूरी है। राम नाथ ठाकुर का नाम देकर एनडीए जेडीयू को साध सकती है। राम नाथ ठाकुर की साफ-सुथरी छवि और सामाजिक न्याय की पृष्ठभूमि है। राम नाथ ठाकुर का विरोध करने में विपक्ष को परेशानी होगी। इसके अलावा राम नाथ ठाकुर अति पिछड़ा वर्ग से आते हैं जिनकी बिहार में अच्छी खासी आबादी है।

Share This Article