बांकीपुर का बादशाह कौन? मतगणना शुरू, दोपहर बाद आएंगे उप चुनाव के नतीजे

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की काउंटिंग शुरू हो चुकी है। दोपहर बाद परिणाम आज घोषित किया जाएगा। पटना के एएन कॉलेज में वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी की है।

पोस्टल बैलेट की गिनती

बांकीपुर में चुनावी मैदान में उतरे 25 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज होगा।  करीब 1.30 लाख वोटों की गणना की जाएगी।शुरुआती चरण में पोस्टल बैलेट की गिनती की जा रही है। इसके बाद ईवीएम के वोटों की काउंटिंग शुरू होगी। मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं और कुल 31 राउंड में वोटों की गिनती पूरी होगी।

नतीजों पर टिकी निगाहें

शुरुआती रुझान सुबह साढ़े 10 से 11 बजे के बीच आने की उम्मीद है, जबकि दोपहर तक परिणाम पूरी तरह साफ हो जाएंगे। इस फैसले से तय होगा कि भाजपा अपनी पारंपरिक सीट बचाने में कामयाब रहती है या फिर राजद और जन सुराज कोई नया बाजीगर बनकर उभरते हैं। सभी की निगाहें अब ईवीएम के खुलते ही आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।

इन तीन उम्मीद्वारों के बीच कड़ी टक्कर

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। मैदान में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज सिन्हा और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा गुप्ता प्रमुख उम्मीदवार हैं। तीनों दावेदारों के बीच कड़ी टक्कर की चर्चा है और अब सबकी नजरें मतगणना के नतीजों पर टिकी हैं।

कड़ी सुरक्षा में हो रही वोटों की गिनती

मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डोर-फ्रेम और हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिस को किसी भी तरह की गड़बड़ी या हंगामा करने वालों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य गेट पर जिला पुलिस, परिसर के भीतर बीसैप के जवान और मतगणना हॉल के आसपास अर्धसैनिक बल तैनात हैं। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पहले ही सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर सभी तैयारियों की समीक्षा की है।

Share This Article