डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली और वायनाड सीट में से किसी एक सीट को छोड़ेंगे यह तो पक्का है। मगर किस सीट को छोड़ेंगे इस पर संशय बरकरार है। वहीं अब इसको लेकर तरह –तरह की अटकलें लगाई जा रही है।
इस दिन कर सकते हैं एलान
जानकारी के अनुसार सोमवार को राहुल गांधी किसी एक सीट को छोड़ने का एलान कर सकते हैं। कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि वह सोमवार को फैसला बताएंगे।
मालूम हो कि राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से 390030 और केरल की वायनाड सीट से 364422 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी। गांधी ने 2019 का लोकसभा चुनाव भी वायनाड से जीता था। मगर अमेठी में स्मृति ईरानी के सामने हार का मुंह देखना पड़ा था।
गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है रायबरेली
रायबरेली गांधी परिवार का गढ़ है। फिरोज गांधी से लेकर इंदिरा गांधी और बाद में सोनिया गांधी ने 2004 से 2024 तक यहां का प्रतिनिधित्व किया। सोनिया गांधी ने इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। उन्होंने अपनी सीट से राहुल गांधी को चुनाव मैदान में उतारा था।
राहुल गांधी ने वायनाड की जनता का किया शुक्रिया
बुधवार को राहुल गांधी केरल के वायनाड पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपने मतदाताओं का शुक्रिया अदा किया और कहा कि वह इस दुविधा में थे कि कौन सी सीट बरकरार रखें और कौन सी छोड़ दें? राहुल ने कहा कि वह जो भी फैसला लेंगे, उससे सभी खुश होंगे।
प्रियंका गांधी की चुनाव लड़ने की अटकलें हुई तेज
राहुल गांधी के बयान के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को वायनाड के मैदान में उतारा जा सकता है। बुधवार को कलपेट्टा में एक जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कन्नूर से लोकसभा सदस्य के. सुधाकरन ने कहा कि राहुल गांधी पार्टी के व्यापक हित में वायनाड सीट खाली करेंगे।
यहां पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।