आधी रात को थाना क्यों पहुंचे तेज प्रताप यादव ? 8 के खिलाफ थाने में दी शिकायत

Reena Sharma
3 Min Read

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव शुक्रवार को सचिवालय थाना पहुंचे। शुक्रवार की आधी रात को सचिवालय थाना पहुंचे तेज प्रताप ने और आकाश यादव के खिलाफ तीन पन्नों की लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उनकी हत्या की साजिश भी रची जा रही है।

आकाश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई

तेज प्रताप यादव देर रात अपने वकील शिव नंदन भारती के साथ सचिवालय थाना पहुंचे। सचिवालय थाना पहुंचने के बाद तेज प्रताप यादव ने कहा है कि वो आकाश यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने आए हैं। वो अनुष्का यादव का भाई है।

आकाश यादव पर ब्लैकमेल करने का आरोप

लालू के बड़े बेटे ने पुलिस को तीन पन्नों का एक शिकायती पत्र सौंपा है। तेज प्रताप का आरोप है कि उनका पूर्व सहयोगी आकाश यादव उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहा है। वह उनसे मोटी रकम की मांग कर रहा है और बात न मानने पर ब्लैकमेल कर रहा है। तेज प्रताप ने शिकायत में यह भी कहा कि आकाश उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि को जानबूझकर धूमिल करने की कोशिश कर रहा है। इस संबंध में उन्होंने आकाश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आकाश यादव मेरी हत्या करवाना चाहता है-तेज प्रताप

पुलिस में शिकायत के के बाद तेज प्रताप यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आकाश यादव मेरी हत्या करवाना चाहता है। आकाश यादव विरोधियों और विपक्ष के साथ मिलकर मेरी हत्या की साजिश रच रहा है। इससे पूर्व तेज प्रताप ने प्रेस कांफ्रेंस कर ये कहा था कि चार लोगों ने उनके घर में घुसने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मैंने सभी लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आकाश के जरिए मुझे जान से मारने की धमकी भी मिल रही है।

कुल आठ लोगों पर नामजद प्राथमिकी

इस संबंध में सचिवालय थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव की ओर से लिखित शिकायत मिली है, जिसकी रिसीविंग उन्हें दे दी गई है। उन्होंने तीन पन्नों के लिखित शिकायत में आकाश यादव, उनकी मां और बहन सहित कुल आठ लोगों को नामजद किया है। इस बात की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई है। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में आगे की प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

Share This Article