बिहार की राजधानी पटना आज विपक्षी दलों के खिलाफ हजारों महिलाओं के नारों से गूंज उठी। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिर जाने के बाद एनडीए में शामिल दलों की महिलाओं ने ऐतिहासिक गांधी मैदान से कारगिल चौक तक जन आक्रोश मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने विपक्षी गठबंधन के प्रमुख नेताओं के बड़े-बड़े पोस्टर ले रखे थे, जिन पर काली स्याही और विरोध के नारे लिखे थे। पोस्टरों में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी और असदुद्दीन ओवैसी को ‘नारी शक्ति का दुश्मन’ बताया गया।
विपक्ष को केवल अपने परिवार की चिंता-सम्राट चौधरी
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी गांधी मैदान में आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को केवल अपने परिवार की चिंता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा तक पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन महागठबंधन के नेता अपने परिवार को सत्ता तक पहुंचाने में लगे हैं।
कांग्रेस पर साधा निशाना
सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘मोदी जी ने महिलाओं के लिए सोचते हैं। मोदी चाहते थे कि परिसीमन के बाद जब चुनाव होता तो आज जो महिला विधायकों की संख्या 29 है, वो कम से कम 122 होती। लेकिन कांग्रेस के लोग ऐसा नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अगर यह विधेयक पास हो जाता, तो विधानसभा और लोकसभा दोनों ही स्तरों पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व काफी बढ़ जाता। हालांकि, कुछ दल सीमित दायरे में राजनीति करते हैं, जबकि वर्तमान नेतृत्व व्यापक स्तर पर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में काम कर रहा है।
अपराधी को पाताल से निकालेंगे-सम्राट चौधरी
वहीं, इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पहले नीतीश कुमार अभिभावक के तौर पर महिलाओं के लिए काम कर रहे थे। लेकिन अब आपका भाई सम्राट चौधरी आपके लिए हमेशा मौजूद रहेगा। किसी भी महिला के साथ कुछ गलत हुआ तो अपराधी को पाताल से ढूंढ निकालेंगे।

