क्या अब जिले में रुकेगा तंबाकू का धंधा? ADM ने बुलाई बैठक,भविष्य की रणनीति पर चर्चा

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में तंबाकू नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अनिकेत सचान की अध्यक्षता में आहूत बैठक में धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी शताब्दी मजूमदार, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला सुनील चंद्र, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव समेत अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में तंबाकू उत्पादों के उपयोग को नियंत्रित करने और सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 के प्रभावी प्रवर्तन पर चर्चा की गई।

बैठक में जिले में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई तथा प्रवर्तन संबंधी चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर द्वारा निर्देशित किया गया कि COTPA 2003 अधिनियम का कड़ाई से पालन कराने के लिए गठित त्रिस्तरीय उड़न दस्ते द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाए। सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान रोकने, स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने के लिए सघन अभियान चलाया जाए। तंबाकू उत्पाद बेचने वालों को अधिनियम की धाराओं की जानकारी देते हुए चेतावनी नोटिस जारी करें।

जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को धूम्रपान मुक्त क्षेत्र घोषित करने की बात कही गई। वहीं, जनजागरूकता के लिए पोस्टर, बैनर, दीवार लेखन और सामुदायिक संवाद कार्यक्रमों का आयोजन करने का निदेश दिया गया।

Advertisement

एडीएम लॉ एंड ऑर्डर ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि तंबाकू नियंत्रण को लेकर ज़ीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए और दोषियों पर अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत जुर्माना व अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने आमजन को इस अभियान में सहभागी बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया ।

बैठक में शिक्षा विभाग, नगर निकाय, पुलिस विभाग, खाद्य सुरक्षा, श्रम विभाग व अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी को आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाने और नियमित मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। मौके पर सभी पदाधिकारियों ने तंबाकू का सेवन नहीं करने की शपथ ली तथा जिला और राज्य को तंबाकू मुक्त बनाने का संदेश जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Share This Article