बिरसा मुंडा टाउन हॉल में देशभक्ति की बयार: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बच्चों ने बांधा समां, गूंजे देशभक्ति के तराने

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : स्वतंत्रता दिवस के उल्लास और देशभक्ति की भावना से पूरा जिला सराबोर है। 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व की पूर्व संध्या पर बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्र गौरव, संस्कृति और वीरता की भावना को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में कविता पाठ, भाषण, देशभक्ति गीत व नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई, जिसने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का भाव और गहरा किया।

कार्यक्रम के दौरान कविता पाठ में ‘हमारा देश’, ‘मेरी संस्कृति सबसे पुरानी’, ‘झारखंड की गाथा’ और ‘मैं घायल भारत की चीख सुनाता हूं’ जैसी रचनाओं की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। इन कविताओं के माध्यम से देश की गौरवशाली विरासत, भारतीय संस्कृति, झारखंड की समृद्ध परंपरा और राष्ट्र के प्रति संवेदनशीलता को अभिव्यक्त किया गया।

वहीं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में जोश और उत्साह का संचार किया। ‘तेरा हिमालय’, ‘चक दे इंडिया’, ‘होगा कल सुनहरा’ और ‘फिर आज भुजाएं फड़क उठीं’ जैसे गीतों ने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। इसके साथ ही कलाकारों ने देशप्रेम से ओतप्रोत देशभक्ति गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देकर भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मंच पर जीवंत किया। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या ने देशभक्ति, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और अधिक गरिमामय बना दिया।

Share This Article