धनबाद: यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए धनबाद मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने अलग-अलग ट्रेनों में यात्रा कर रहे दो नाबालिगों को सुरक्षित बरामद कर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सुपुर्द किया।
31 जुलाई 2026 को टिकट जांच के दौरान गाड़ी संख्या 17008 दरभंगा–चेरलापल्ली एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में लगभग 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली। टिकट चेकिंग स्टाफ के मोहम्मद शाहनवाज द्वारा पूछताछ किए जाने पर उसने बताया कि वह घर से नाराज होकर निकल आई है। मामले की सूचना तत्काल धनबाद वाणिज्य नियंत्रण को दी गई, जिसके बाद समन्वय स्थापित कर नाबालिग को सुरक्षित रूप से बोकारो आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल वह सुरक्षित है और आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 03639 धनबाद–शकूरबस्ती एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान एक अन्य नाबालिग के घर से भागकर यात्रा करने की जानकारी मिली। टिकट चेकिंग स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए उसे भी सुरक्षित आरपीएफ के हवाले कर दिया। साथ ही उसके परिजनों, विशेष रूप से पिता, को तत्काल सूचना देकर आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया।
धनबाद मंडल ने कहा कि टिकट चेकिंग स्टाफ केवल टिकट जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस तरह की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता रेलवे की सुरक्षित, संरक्षित और यात्री-केंद्रित सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

