बिहार में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। आज से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिन के बिहार दौरे पर हैं, वहीं बीजेपी के स्टार प्रचारक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मैदान में उतर चुके हैं।
योगी आदित्यनाथ की दो बड़ी रैलियां
योगी आदित्यनाथ आज सबसे पहले दानापुर पहुंचेंगे, जहां वे बीजेपी नेता रामकृपाल यादव के नामांकन में शामिल होंगे। इसके बाद वहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। योगी की दूसरी रैली सहरसा में होगी, जहां वे बीजेपी उम्मीदवार आलोक रंजन झा के नामांकन में शामिल होंगे और पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में जनता से वोट की अपील करेंगे।
बीजेपी के दिग्गजों का नामांकन दिवस
आज बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं के पर्चा दाखिल करने का दिन भी है। बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी आज मुंगेर की तारापुर विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री व मुंगेर सांसद ललन सिंह मौजूद रहेंगे।
महागठबंधन में अब भी सस्पेंस बरकरार
वहीं, दूसरी ओर महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सीट शेयरिंग की औपचारिक घोषणा से पहले ही कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है, जिससे सहयोगी दलों में हलचल तेज हो गई है।

