जमुई: जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) ने जानकारी दी कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए 26 मार्च 2025 को चकाई प्रखंड के ग्राम पंचायत घुटने के ग्राम मोतीसिंहडीह के सामुदायिक भवन परिसर में “आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन की सभी इकाइयों के माध्यम से सरकारी सेवाओं का लाभ आमजनों तक पहुंचाया जाएगा और उनकी समस्याओं को दूर किया जाएगा।
जनकल्याणकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी
जिलाधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही, जन शिकायतों के प्रभावी निवारण और पंचायती राज संस्थाओं में जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी प्रयास किया जाएगा।
शिविर में मिलेंगी ये सेवाएं
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के फ्लेक्स, बैनर और स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
मुख्य रूप से निम्नलिखित सुविधाएं उपलब्ध होंगी:
- जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र
- तकनीकी विभाग की योजनाओं की जानकारी
- नल-जल योजना संबंधित जानकारी
- स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं और आयुष्मान कार्ड निर्माण
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए निर्देश जारी
जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक तैयारियां जैसे बैठने की व्यवस्था, माइकिंग सिस्टम, पेयजल और कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, शिकायतों के निवारण के लिए प्राप्त आवेदनों को तुरंत संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, जमुई तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, झाझा को विधि-व्यवस्था की संपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल की आवश्यकतानुसार प्रतिनियुक्ति करने का भी निर्देश दिया गया है।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। “आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम से जनता को सरकारी सेवाओं का लाभ सुगमता से मिलेगा और प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ेगा।