अधिकारियों की खैर नहीं! जनता की शिकायत पर भड़के डीसी, बोले- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने का संदेश दिया गया। उपायुक्त राजीव रंजन ने व्यक्तिगत रूप से शिविर में पहुंचे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की फरियाद सुनी और संबंधित विभागों को त्वरित व प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम में भूमि विवाद, स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, सरकारी जमीनों पर अवैध अतिक्रमण, दबंगों की प्रताड़ना, आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही बाधा, राशन कार्ड, पेंशन योजना और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों से जुड़े कई अहम मामले सामने आए। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बात ध्यान से सुनी और मौके पर मौजूद अधिकारियों को मामले की नज़ाकत के मुताबिक उचित कदम उठाने को कहा।

अधिकारियों को दो-टूक निर्देश: विलंब बर्दाश्त नहीं
​उपायुक्त ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त हर एक आवेदन की गंभीरता से जांच की जाए। जिन मामलों में ज़मीनी स्तर पर जांच या दस्तावेजों के सत्यापन की ज़रूरत है, वहां बिना किसी देरी के औपचारिकताएं पूरी की जाएं। उन्होंने दो-टूकी चेतावनी देते हुए कहा कि जन शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की कोताही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हर आवेदन पर तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए।

संवेदनशील समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता
​कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने ज़ोर देकर कहा कि आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। जन शिकायत निवारण दिवस जैसे आयोजनों का मूल मकसद नागरिकों को सीधे तौर पर प्रशासन के सामने अपनी बात रखने का मंच देना और उनकी समस्याओं का पारदर्शी तथा प्रभावी समाधान निकालना है।

Share This Article