पंचायत से गांव तक संगठन विस्तार पर जोर
पलामू। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की पांकी प्रखंड स्तरीय बैठक रविवार को उत्तम गुप्ता के कॉम्प्लेक्स में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, पंचायत एवं गांव स्तर तक कमेटियों का विस्तार करने तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक के बाद सर्वसम्मति से प्रखंड कमेटी का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई। बैठक में अभय सिंह को प्रखंड अध्यक्ष तथा डॉ. प्रेमचंद महतो को वरीय उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं अजय कुमार सिंह को महासचिव, सिकंदर रवि एवं सतीश कुमार सिंह को उपाध्यक्ष, निर्मल यादव एवं अभिषेक मेहता को सचिव तथा कलीम अंसारी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
गांव-गांव तक संगठन पहुंचाने की रणनीति
बैठक में संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए पार्टी के केंद्रीय सचिव सह पूर्व प्रत्याशी पांकी विधानसभा ओंकारनाथ जायसवाल ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके सक्रिय कार्यकर्ता और जनता के साथ सीधा जुड़ाव है। प्रखंड कमेटी का गठन संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन का विस्तार पंचायत और गांव स्तर तक किया जाएगा, ताकि आम लोगों की समस्याओं को सीधे समझकर उन्हें उचित मंच तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि संगठन जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देगा और जनता की समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का काम करेगा। जिला अध्यक्ष दिलीप मेहता ने कहा कि अबकी सरकार जयराम की बनेगी और लोग सभी सरकारों से परेशान हैं। प्रमंडलीय अध्यक्ष प्रभात सिन्हा ने कहा कि गांव-गांव में जयराम की चर्चा है और लोग पार्टी से बड़ी संख्या में जुड़ रहे हैं।
सड़क, बिजली, पानी और रोजगार होंगे प्रमुख मुद्दे
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर ग्रामीण जनता को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। संगठन इन समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष मजबूती से रखने का प्रयास करेगा।
अभय सिंह बोले- जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से करूंगा निर्वहन
नवनिर्वाचित प्रखंड अध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। संगठन को पांकी प्रखंड में मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को पंचायत और गांव स्तर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना संगठन की प्राथमिकता होगी।
कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत : डॉ. प्रेमचंद महतो
वरीय उपाध्यक्ष डॉ. प्रेमचंद महतो ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। पद केवल जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है, जबकि संगठन की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क कर ग्रामीणों की समस्याओं को समझने और उन्हें संगठन के माध्यम से उठाने की अपील की। महासचिव अजय कुमार सिंह ने भी संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की बात कही। उपाध्यक्ष सिकंदर रवि एवं सतीश कुमार सिंह, सचिव निर्मल यादव एवं अभिषेक मेहता तथा कोषाध्यक्ष कलीम अंसारी ने भी संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाने का भरोसा दिलाया। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने कहा कि जेएलकेएम को केवल प्रखंड मुख्यालय तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि पंचायत से गांव तक संगठन की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। अंत में नवनिर्वाचित कमेटी को शुभकामनाएं देते हुए सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

