​चौकों-छक्कों से पहले ऑक्शन में गरजे खिलाड़ी: एक लाख की सबसे ऊंची बोली पर बिके झारखंड के ये धुरंधर

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की पहल पर क्षेत्र में पहली बार आयोजित होने जा रही टी-20 लीग का रोमांच अब परवान चढ़ने लगा है। स्थानीय सनसाइन होटल में आयोजित मेगा ऑक्शन में छह फ्रेंचाइजी टीमों ने कुल 145 खिलाड़ियों पर दांव लगाया और अपनी-अपनी टीमों को मजबूती देने के लिए खिलाड़ियों को खरीदा। इस रोमांचक नीलामी में आईपीएल का अनुभव रखने वाले बड़े चेहरों से लेकर स्थानीय प्रतिभाओं तक पर जमकर बोलियां लगी।

आइकॉन खिलाड़ियों पर रही सबसे बड़ी नजर
लीग के सबसे बड़े आकर्षण रहे आइकॉन खिलाड़ियों की श्रेणी में स्टार खिलाड़ियों को फ्रेंचाइजी ने भारी-भरकम रकम देकर अपने पाले में किया। केकेआर के लिए खेल चुके पश्चिमी सिंहभूम के ऑलराउंडर अनुकूल राय, मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर-बल्लेबाज रोबिन मिंज, झारखंड के भरोसेमंद बल्लेबाज शिखर मोहन और उत्कर्ष सिंह को सबसे ऊंची बोली के रूप में एक-एक लाख रुपये में खरीदा गया।
​अनुकूल राय: जगन्नाथपुर टाइगर्स
​रोबिन मिंज: कोल्हान किंग
​उत्कर्ष सिंह: मनोहरपुर लायंस
​शिखर मोहन: सारंडा वारियर्स
​इनके अलावा, भारतीय घरेलू सर्किट के जाने-माने नाम विराट सिंह को चाईबासा चैलेंजर्स ने और तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा को चक्रधरपुर रॉयल्स ने उनके 50 हजार रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम का हिस्सा बनाया।

गेस्ट और कैटेगरी-ए के खिलाड़ियों ने भी बटोरी सुर्खियां
गेस्ट खिलाड़ियों के कोटे में कुल 33 खिलाड़ियों पर बोलियां लगीं, जिसमें प्रत्येक टीम को अधिकतम दो बाहरी खिलाड़ियों को जोड़ने की छूट थी। इस वर्ग में राजनदीप सिंह और सुप्रियो चक्रवर्ती ने बाजी मारते हुए सर्वाधिक 50-50 हजार रुपये हासिल किए। कीमत को लेकर जब दो टीमों के बीच पेंच फंसा, तो नियमों के तहत लॉटरी निकालकर फैसला किया गया। वहीं, कैटेगरी-ए के खिलाड़ियों का बेस प्राइस 20 हजार रुपये था, जिसमें अरविंद कुमार और कुमार करण ने शानदार बाजी मारी और लॉटरी सिस्टम के जरिए उन्हें 40-40 हजार रुपये में खरीदा गया।

Advertisement

पारदर्शिता के साथ पूरी हुई प्रक्रिया, अब 24 सितंबर से होगा आगाज
जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह की देखरेख में पूरी नीलामी प्रक्रिया बेहद पारदर्शी ढंग से पूरी की गई। ‘स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक पियुष आनंद और उनकी इवेंट मैनेजमेंट टीम ने ऑक्शन के संचालन की जिम्मेदारी संभाली। नीलामी का यह दौर खत्म होने के बाद फ्रेंचाइजी मालिकों और प्रबंधन ने आपसी सहमति से टूर्नामेंट की तारीख में आंशिक बदलाव किया है। अब यह बहुप्रतीक्षित टी-20 लीग 22 सितंबर की बजाय आगामी 24 सितंबर से रोमांचक मुकाबलों के साथ शुरू होगी।

Share This Article